महाराष्ट्र (Maharashtra) में शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के बगावती तेवर के बाद अब उद्धव सरकार मुश्किल मोड़ पर आ खड़ी हुई है. महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव सरकार को पत्र लिखकर बहुमत साबित करने को कहा है. जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में कल फ्लोर टेस्ट होगा. इस दौरान अगर उद्धव बहुमत साबित नहीं कर पाए तो उनकी सरकार गिर जाएगी.
वहीं, इस सब के बीच बीजेपी एक्शन मोड में दिख रही है. बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने राज्य में सरकार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है. बताया ये भी जा रहा है कि मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात कर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की थी. उन्होंने राज्यपाल को कहा कि, सरकार के पास बहुमत का आंकड़ा नहीं है इसलिए तुरंत मुख्यमंत्री को बहुमत साबित करने के आदेश दिए जाए. जिसके बाद अब कल 11 बजे सदन में फ्लोर टेस्ट होगा.





























