पंजाब में आज मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण भी हो गया और इसके साथ ही आज ही पंजाब में भगवंत मान कैबिनेट की पहली बैठक भी हो गई. मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह पंजाब राजनिवास में हुआ, जिसमें शपथ लेने आए मंत्रियों के साथ आम आदमी पार्टी के पंजाब के सभी नवनिर्वाचित विधायक भी शामिल रहे. लेकिन इस दौरान पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही नज़र नहीं आए बल्कि दिल्ली से जुड़ा एक भी मंत्री या नेता इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहा. यहां तक कि पंजाब चुनाव के प्रभारी और दिल्ली से आप विधायक जरनैल सिंह और पंजाब सह-प्रभारी राघव चड्ढा भी इसमें शामिल नहीं हुए.

































