#HindiNews #ABPNews

कलकत्ता हाई कोर्ट ने बुधवार को बीरभूम आगजनी मामले में स्वत: संज्ञान लिया है. कोर्ट मामले की सुनवाई आज यानी बुधवार को दोपहर 2 बजे करेगी. अदालत ने पाया कि मामला गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है. बंगाल बीजेपी ने मंगलवार को बीरभूम की घटना को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.

क्या है पूरा मामला

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के नेता भादू प्रधान की हत्या के बाद कई घरों में आग लगा दिया गया. इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 2 बच्चे भी शामिल हैं. टीएमसी नेता पर सोमवार को क्रूड बम से हमला हुआ था. मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है और केंद्र सरकार ने घटना की रिपोर्ट मांगी है.

इस मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इस घटना को लेकर बीजेपी के सांसद दिलीप घोष ने प्रदेश की टीएमसी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि 2 दिन में 13 लोगों की हत्या हुई, कई लोग गायब हैं. एक घर में बंद करके महिला, बच्चों को जलाया गया. पहले भी ऐसी घटना हुई है. चुनावों में भी सत्तारूढ पार्टी का दबदबा है, हमने इस विषय को गृह मंत्री को बताया है. आज लोकसभा में भी इस विषय को उठाएंगे.

उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में ऐसी घटना नहीं हुई है. सीरिया-अफगानिस्तान में ऐसी घटना होती है. तृणमूल नेता की हत्या के बदले में ये घटना हुई है. पुलिस की कार्रवाई पर भी लोगों को शक है, वहां भय का माहौल है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here