नई दिल्ली. मोदी सरकार देश में घरेलू कंपनियों बढ़ावा देने के लिए चीन से इम्पोर्ट होने वाली 25 आइटम्स पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी (Anti-Dumping Duties) बढ़ा सकती है. कैलकुलेटर (Calculators) और यूएसबी ड्राइव (USB drives) से लेकर स्टील, सोलर सेल और विटामिन ई तक दो दर्जन से अधिक चीनी सामानों पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी इस साल समाप्त हो रही है. ऐसे में सरकार इन सामानों पर डंपिंग ड्यूटी बढ़ाने का फैसला कर सकती है. एंटी-डंपिंग ड्यूटी खत्म होने पर घरेलू बाजार में चाइनीज आइटम्स की बाढ़ आ जाएगी और इससे घरेलू कंपनियों को बिजनेस खत्म हो जाएगा. घरेलू कंपनियों को बचाने के लिए सरकार चीनी सामानों पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी 5 साल के लिए बढ़ा सकती है. सरकार के इस फैसले से चीन को बड़ा झटका लग सकता है.





























