#HindiNews #ABPNews #LatestNews Loudspeaker Row: धार्मिक स्थलों से अवैध लाउडस्पीकर को हटाने को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सख्त है. गृह विभाग ने सख्ती के साथ इसके लिए निर्देश जारी किए हैं. अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने 30 अप्रैल तक सभी जिलों को इसे लेकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं. लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों पर 30 अप्रैल के बाद कार्रवाई भी की जाएगी. पिछले दिनों गृह विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसे लेकर सख्त निर्देश भी दिए थे.
गोरखपुर में क्या है हाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में लाउडस्पीकर की संख्या को सीमित कर दिया गया है. इसके साथ ही उसकी आवाज को भी कम कर दिया गया है. सबसे खास बात ये है कि लाउडस्पीकर के मुख्य भाग को मंदिर की ओर घुमा दिया गया है. जिससे न तो आवाज बाहर जाए और न ही मंदिर परिसर के बाहर मंत्रोच्चार की आवाज से किसी को किसी तरह की कोई परेशानी हो.
गोरखनाथ मंदिर के कार्यालय सचिव द्वारिका तिवारी ने बताया कि जिस दिन गोरक्षपीठ के महंत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आदेश आया, उसी दिन से लाउडस्पीकर की संख्या को कम करने के साथ उसकी आवाज को सीमित कर दिया गया है. जिससे मंदिर परिसर के बाहर आवाज नहीं जाए और न ही इससे किसी को कोई दिक्कत और परेशानी हो.
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में लगे सभी लाउडस्पीकर का मुख्य भाग भी मंदिर की ओर कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि शासन की ये अच्छी पहल है. गोरखपुर में हर धार्मिक स्थलों पर इसका पालन किया जा रहा है. इस पहल का सभी को स्वागत करना चाहिए.





























