अप्रैल महीने में दिल्ली में पड़ने वाली गर्मी ने रिकॉर्ड कायम कर दिया है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में 72 साल में दूसरा सबसे गर्म अप्रैल दर्ज किया गया. अप्रैल में अब तक औसत मासिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने कहा कि पहले से ही भीषण लू का सामना कर रही दिल्ली के कुछ इलाकों में शुक्रवार को पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 12 साल में अप्रैल महीने में सर्वाधिक तापमान था. राष्ट्रीय राजधानी में 18 अप्रैल 2010 को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. दिल्ली में अप्रैल महीने में अभी तक का सर्वाधिक तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस 29 अप्रैल 1941 को दर्ज किया गया था.





























