सप्ताहांत पर एक दोस्त के घर जाना हुआ. चाय-वाय के बीच बोले- यार नया आयरन खरीदना है, क्योंकि पुराना बिगड़ गया.
हमने पूछा- क्या हुआ?
बोले- वायर टूट गया.
हमने कहा- बस इत्ती सी बात पर नया क्यों लेना.
जवाब मिला- रिपेयर का चार्ज बहुत ज्यादा है.
हमने मारी पूरी स्टाइल और उनने कहा- आप जरा पकोड़े तलो. हम वायर ठीक करते हैं.
दोस्त ने किया किचन का रुख और जित्ती देर में पकोड़े आए उत्ती देर में हमने नया वायर लगा दिया. दोस्त भारी इंप्रेस. बोले कैसे किया, तो हमने फिर स्टाइल मारा और अपने इंजीनियर बैकग्राउन्ड का बखान कर दिया.
जबकि हकीकत इससे कोसों दूर थी. दरअसल हमें मिली एक कमाल की वेबसाइट. इस वेबसाइट पर तकरीबन हर इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद को घर पर ठीक करने के बारे में बताया गया है. मतलब चार्जर से लेकर मिक्सर और टीवी से लेकर माइक्रोवेव तक घर पर ठीक करने का प्रोसेस, वो भी आसान और समझ आने वाली भाषा में. कहने का मतलब किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद को फेंकने से पहले या रिपेयर के लिए देने से पहले इस वेबसाइट का रुख कर सकते हैं.
एक चेतावनी: किसी भी प्रोडक्ट को ओपन करने से पहले वेबसाइट को बहुत ध्यान से पढ़ें और प्रोडक्ट के साथ आए डॉक्युमेंट्स को भी. अगर कुछ भी दिक्कत है या कोई रिस्क है तो फिर इलेक्ट्रिशियन ही अच्छा.
iFixit करेगा सब फिक्स
वेबसाइट का नाम है iFixit. इसमें होम स्क्रीन पर ‘Fix Your Stuff’ के अंदर मिलेगा रिपेयर गाइड. दुनिया-जहान के तकरीबन हर प्रोडक्ट को रिपेयर करने का स्टेप-बाई -स्टेप गाइड उपलब्ध है. प्ले स्टेशन के फैन से लेकर सीलिंग में लटके फैन तक का रिपेयर गाइड यहां मिलेगा.
फिक्सिंग खत्म, अब काम चालू कीजिए. मतलब प्रोडक्ट कबाड़ में फेंकने से पहले वेबसाइट पर नजर मार लीजिए.






























