#HindiNews #ABPNews पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख रशीद ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ संसद में 3 अप्रैल को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी. इमरान खान के खिलाफ सोमवार को पाकिस्तान की संसद में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया. इस प्रस्ताव पर 31 मार्च को चर्चा होगी.
गृह मंत्री शेख रशीद ने कहा, “आखिरी फैसला 3 अप्रैल के आखिरी घंटे तक होगा.” शेख रशीद ने कहा कि पाकिस्तान की सियासत का मैच मज़ेदार चरण में पहुंच रहा है. इमरान खान आखिरी गेंद तक खेलेंगे. इमरान खान के खिलाफ पेश हुए अविश्वास प्रस्ताव को विपक्ष के 161 सांसदों ने अपना समर्थन दिया. हालांकि इमरान खान के लिए बड़ी चिंता की बात ये है कि सूत्रों के मुताबिक़ खुद उनकी ही पार्टी के कई सासंद और सहयोगी दल MQM-P और PML-Q भी उनके खिलाफ़ जा सकते हैं.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने दावा किया कि इमरान खान धमकी वाले खत पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को देने के लिए तैयार हैं. बता दें कि पीएम इमरान ने एक रैली के दौरान खत दिखाते हुए दावा किया था कि उन्हें बाहरी ताकतों से धमकी भरे खत मिले हैं. पीएम ने दावा किया था कि खत में उन्हें अपना रुख बदलने की धमकी मिली है और खत में कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं किया तो उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया जाएगा.





























